ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना: कस्बा क्षेत्र के मोहल्ला शुक्लागंज में सोमवार शाम करीब चार बजे हुए दर्दनाक हादसे में साइकिल सवार 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। ईंटों से लदे ओवरलोड ट्रैक्टर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल छात्र को जिला अस्पताल इटावा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला गिहार नगर निवासी कुनाल (11) पुत्र कन्जू साइकिल से अपने घर से दान सहाय मंदिर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह शुक्लागंज क्षेत्र में पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
घायल अवस्था में परिजन कुनाल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना ले गए, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल इटावा रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुनाल पास के ही एक विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र था। उसकी असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
फोटो – घायल छात्र व ईंटो लदा ट्रैक्टर
