ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना : कस्बे की आज़ाद रोड स्थित अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के भरथना कार्यालय पर मंगलवार को संगठन के पदाधिकारियों की बैठक संपन्न हुई, जिसमें नगर से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक का मुख्य फोकस भरथना नगर में आए दिन लगने वाले जाम और उससे परेशान हो रही आम जनता की समस्याएँ रहीं। इसके साथ ही नागरिक हित के अन्य बिंदुओं पर भी सुझाव और समाधान तय किए गए।

बैठक की जानकारी देते हुए प्रांतीय संगठन मंत्री कुलदीप नागायच ने कहा कि समाज की बड़ी समस्याएँ अक्सर कुछ ही लोगों की गलत सोच और गलत कार्यों से पैदा होती हैं, लेकिन वे संगठित रहते हैं। जबकि समाज की सकारात्मक और सृजनशील शक्ति बिखरी रहती है। उन्होंने कहा कि ग्राहक पंचायत इसी संगठित चेतना को मजबूत करने का काम कर रही है, और जनता की हर छोटी-बड़ी समस्या को प्राथमिकता से उठाकर समाधान की दिशा में प्रयास कर रही है।
नागायच ने बताया कि बैठक में भरथना नगर में बढ़ते जाम पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। कई महत्वपूर्ण बिंदु तय किए गए, जिन पर शीघ्र ही कार्यवाही शुरू की जाएगी, ताकि नगरवासियों को ट्रैफिक अव्यवस्था से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि संगठन स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ मिलकर जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम उठाएगा।
बैठक में प्रांत प्रभारी प्रशांत ग्वालियरी (शासकीय अधिवक्ता, इंदौर उच्च न्यायालय), प्रांत अध्यक्ष शंकर दयाल दुबे, प्रांत पर्यावरण प्रमुख निशांत पोरवाल एडवोकेट, प्रांत पर्यावरण प्रमुख अमित श्रीवास्तव, जिला मीडिया प्रभारी बृजेश पोरवाल, नगर अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव, नगर सचिव ई. हिमांशु गुप्ता सहित बॉबी गुप्ता, ब्रह्मप्रकाश, अमन सोनी, ऋषभ पोरवाल, आयुष कुमार, अमन सिसोदिया, दरविंदर सिंह, भरत पोरवाल समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का समापन इस निष्कर्ष के साथ हुआ कि ग्राहक पंचायत आने वाले समय में नागरिक हित के मुद्दों पर और अधिक सक्रियता से काम करेगी, ताकि भरथना नगर की समस्याओं को जड़ से दूर किया जा सके।
